
रायगढ़ । मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन डॉ. विनीत जैन के असामयिक निधन ने शहर को गहरे शोक में डुबो दिया है। स्वास्तिक मजदूर सेवा समिति के जिला अध्यक्ष पिंटू सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक समर्पित, सेवाभावी और अद्भुत व्यक्तित्व वाला चिकित्सक बताया है।
स्वास्तिक मजदूर सेवा समिति के जिला अध्यक्ष पिंटू सिंह ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन स्वर्गीय डॉ. विनीत जैन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. जैन चिकित्सा जगत का एक ऐसा नाम थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल संस्थान का मान बढ़ाया, बल्कि मरीजों और विद्यार्थियों के दिलों में अपनी सादगी, सेवा और समर्पण की अविस्मरणीय छाप छोड़ी।
पिंटू सिंह ने बताया कि डॉ. जैन अपने पेशे को महज नौकरी नहीं, बल्कि एक सेवा धर्म की तरह निभाते थे। अंतिम समय तक वे अपनी ड्यूटी पर सक्रिय रहे और मरीजों के लिए निरंतर समर्पित रहे। उनकी अनुशासनप्रियता, मानवीय दृष्टिकोण और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें एक अद्वितीय चिकित्सक और कुशल प्रशासक के रूप में स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. जैन का जाना न सिर्फ मेडिकल समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि पूरे रायगढ़ जिले के लिए एक दुखद क्षण है। उनकी शिक्षाएं और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के चिकित्सकों और मेडिकल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।
जिला अध्यक्ष पिंटू सिंह ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।





