छत्तीसगढ़रायगढ़

नव निर्माण संकल्प समिति रायगढ़ समाज में सकारात्मक बदलाव और जागरूकता लाने की दिशा पर हमेशा प्रतिबंध रहेगी – रामचंद्र शर्मा

रायगढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नवनिर्माण संकल्प समिति रायगढ़ द्वारा रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों के रोजगार, सम्मान और अधिकारों के साथ पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे को लेकर गांधी प्रतिमा, एसपी कार्यालय के सामने आयोजित एकदिवसीय भूख हड़ताल में दिनभर समर्थन का सिलसिला जारी रहा। कार्यक्रम संयोजक रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, ट्रेड यूनियन, किसान संगठनों, पेंशनर संघ, खेल संघों तथा जिले के खिलाड़ियों और पूर्व खिलाड़ियों ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया।


आंदोलन की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद रामचंद्र शर्मा ने युवाओं और खिलाड़ियों के रोजगार एवं अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर अनशन शुरू किया। दिनभर अलग-अलग सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और नागरिकों के पहुंचने से आंदोलन स्थल पर लगातार समर्थन दिखाई दिया।
उद्योग रायगढ़ में हैं तो रोजगार में रायगढ़ के युवाओं की हिस्सेदारी तय हो”
आंदोलन के दौरान वक्ताओं ने जिले में तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास के बीच स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि रायगढ़ की जमीन, संसाधन और पर्यावरण का उपयोग करने वाले उद्योगों में योग्य स्थानीय युवाओं की रोजगार में वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित होना चाहिए।


खिलाड़ियों के मुद्दे पर वक्ताओं ने कहा कि मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का भविष्य केवल प्रमाणपत्र और सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले पात्र खिलाड़ियों के लिए रोजगार, छात्रवृत्ति, आर्थिक सहायता और उद्योगों के CSR के माध्यम से अवसर सुनिश्चित किए जाने चाहिए।

सामाजिक संगठनों से लेकर खिलाड़ियों तक—एक मंच पर दिखा समर्थन

एकदिवसीय अनशन को जिला बचाओ संघर्ष मोर्चा, जन चेतना मंच, किसान सभा, ट्रेड यूनियन, पेंशनर संघ, प्रेस रिपोर्टर क्लब, नागरिक सुरक्षा संघ, विप्र फाउंडेशन, जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (ग्रामीण) सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों और पूर्व खिलाड़ियों ने समर्थन दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने अपने संबोधन में स्थानीय युवाओं के रोजगार, खिलाड़ियों के सम्मानजनक भविष्य तथा पर्यावरण संरक्षण के सवालों को लेकर प्रशासन से ठोस पहल की मांग की।

गणेश कुशवाहा ने कहा कि युवाओं के रोजगार का सवाल रायगढ़ के भविष्य से जुड़ा सवाल है और इस पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि परिणाम दिखाई देना चाहिए।

वासुदेव शर्मा ने युवाओं और खिलाड़ियों के अधिकारों को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिलना उनका अधिकार है।

राजेश त्रिपाठी ने आंदोलन के मुद्दों का समर्थन करते हुए कहा कि रोजगार और पर्यावरण जैसे विषयों पर प्रशासन और उद्योगों के बीच जवाबदेही तय होना जरूरी है।

कांग्रेस अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने कहा नवनिर्माण शंकर समिति ने जो मुद्दा उठाया वह वास्तव में जायज मुद्दा है और रायगढ़ के स्थानीय उद्योगों में खिलाड़ी तथा क्षेत्र की युवाओं का रोजगार का मापदंड तय होना चाहिए और स्थानीय को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को जायज मांग पर कार्रवाई करनी चाहिए कांग्रेस पार्टी जनहित के सभी मुद्दों पर लोगों के साथ है इस मामले में जब भी कोई बड़ा आंदोलन करने की आवश्यकता होगी तो कांग्रेस पार्टी जनत के मुद्दे पर हमेशा खड़ी रहेगी।

जयंत बोहीदार और संतोष बोहीदार ने भी खिलाड़ियों एवं युवाओं के पक्ष में अपनी बात रखते हुए आंदोलन को समर्थन दिया और कहा कि जिले की प्रतिभाओं के साथ न्याय होना चाहिए।

वरिष्ठ खिलाड़ी मुकेश चटर्जी ने खिलाड़ियों की समस्याओं को सामने रखते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन के साथ उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए भी व्यवस्था बननी चाहिए।

कलीमुल्लाह सिद्दीकी ने भी आंदोलन के मुद्दों का समर्थन करते हुए युवाओं और खिलाड़ियों के अधिकारों को लेकर एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया।

रक्त तिलक से रामचंद्र शर्मा का स्वागत, भावुक हुआ आंदोलन स्थल

आंदोलन के दौरान ताइक्वांडो खिलाड़ी श्याम गुप्ता ने अपने साथियों के साथ अनशन पर बैठे रामचंद्र शर्मा का रक्त तिलक कर उनका स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने युवाओं और खिलाड़ियों के अधिकारों की लड़ाई में साथ खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया।
रक्त तिलक के इस दृश्य ने आंदोलन स्थल पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और युवाओं एवं खिलाड़ियों के मुद्दे को लेकर भावनात्मक संदेश दिया।

रामचंद्र शर्मा ने जताया आभार

कार्यक्रम संयोजक रामचंद्र शर्मा ने आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे सभी सामाजिक संगठनों, राजनीतिक प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, पूर्व खिलाड़ियों, युवाओं और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर युवाओं और खिलाड़ियों के अधिकारों की आवाज गांधी प्रतिमा से उठी है और इस आवाज को अब व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।


उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी से टकराव नहीं, बल्कि रायगढ़ के युवाओं और खिलाड़ियों के भविष्य के लिए जवाबदेह व्यवस्था तैयार करना है। स्थानीय रोजगार, खिलाड़ियों के सम्मानजनक भविष्य और पर्यावरण संरक्षण के सवालों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।

दीपक मंडल बोले—“यह अंत नहीं, आंदोलन की शुरुआत है”

नवनिर्माण संकल्प समिति के सचिव दीपक मंडल ने संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं और खिलाड़ियों के अधिकारों की यह लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं है। यह रायगढ़ की प्रतिभा और भविष्य के लिए संघर्ष है। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय रोजगार, खिलाड़ी कल्याण और पर्यावरण से जुड़े सवालों पर ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।

Saroj Shriwas

Inspire India: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। Inspire India पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button