
रायगढ़, 4 अगस्त। रायगढ़ जिले के तमनार तहसील अंतर्गत पूंजीपथरा क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 से अधिक डंपर के बराबर अवैध रूप से डंप की गई बालू जब्त की है। कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध रेत भंडारण की सूचना मिलने पर तहसीलदार शिवम पांडेय एवं नायब तहसीलदार पंकज मिश्रा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से डंप की गई बालू मिली, जिसे नियमानुसार जब्त कर राजसात करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से रेत का भंडारण किया जा रहा था। प्रशासन अब इस पूरे मामले में संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और अवैध भंडारण के जिम्मेदार लोगों की पहचान करने में जुटा है।
तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध बालू आखिर किसके संरक्षण में जमा की गई थी। प्रशासन की जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।





