
झरना शाला के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की कलाई पर बांधी राखी, मजबूत हुई सम्मान और विश्वास की डोर
तमनार। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर तमनार मुख्यालय अंतर्गत झरना शाला परिवार द्वारा अनूठे एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के बच्चों को थाना तमनार ले जाया गया, जहां बच्चों ने अपने हाथों से बनाई गई स्वनिर्मित राखियां पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की कलाई पर बांधीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बच्चों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती मोनिका गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। बच्चों द्वारा स्वयं तैयार की गई राखियों ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। इस पहल के माध्यम से बच्चों ने पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक श्री राधेलाल सिदार ने राखी निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। प्रधान पाठक श्री प्रभाकर गोपाल ने बच्चों को प्रेरित करने के साथ कार्यक्रम के समन्वय एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए सरपंच श्री अनंत राम राठिया एवं उप सरपंच श्री अनिल साव ने आवश्यक साधन की व्यवस्था की। वहीं संकुल प्राचार्य श्री उपेंद्र कुमार गुप्ता एवं संकुल समन्वयक श्री राम नारायण नायक ने कार्यक्रम में मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया। सहायक शिक्षक श्री कुलदीप चौहान एवं श्री सुनील पटेल ने बच्चों की सुरक्षा एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा। वहीं श्रीमती सरिता साव ने छात्राओं की मातृवत स्नेह के साथ देखरेख एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई।

थाना तमनार के टीआई एवं समस्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया तथा उनकी सुरक्षा एवं सुविधा की समुचित व्यवस्था करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर बच्चों की पहल ने पुलिस और समाज के बीच सम्मान, स्नेह एवं विश्वास की सुंदर डोर को और मजबूत किया। शाला परिवार झरना ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं पुलिस विभाग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।





